पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को BJP की तुलना गिद्धों से की। बांकुरा जिले में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि BJP बेकार, अक्षम राजनीतिक दल है, जो किसी के मरने का इंतजार कर रही है, ताकि वे लोग उसे (मृतक) को खा सकें।
BJP बेकार पार्टी है। ये एक अक्षम दल है। अगर ये अगले लोकसभा चुनाव में हार जाए तो देश के लिए बेहतर होगा। ये गिद्ध की तरह हैं, किसी के मरने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे इसे खा सकें- ममता बनर्जी
दीदी ने दावा किया कि देश की भलाई के लिए BJP को हराया जाना चाहिए। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की खराब आर्थिक नीतियों के कारण देश गेहूं संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि NDA की लीडरशिप वाली सरकार ने नोटबंदी जैसे बेतुके फैसले लिए हैं, जिसने अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी और बेरोजगारी में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार हमें गेहूं उपलब्ध नहीं करा रही है। वह दावा कर रही है कि उसके पास देने के लिए गेहूं नहीं है। देश में गेहूं की कमी है… यह संकट केंद्र में BJP नीत सरकार की खराब आर्थिक नीतियों के कारण उत्पन्न हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ केंद्र को हमें हमारा पैसा देना चाहिए। अगर आप राज्यों को पैसा नहीं दे सकते हैं, तो आपको इस देश पर शासन करने का कोई अधिकार नहीं है।’’ बनर्जी ने सवाल किया कि नोटबंदी के बाद ‘‘सारा पैसा कहां चला गया’’ और आरोप लगाया कि यह एक बड़ा घोटाला है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी ने केंद्र पर भारतीय रेलवे और बीमा जैसी देश की संपत्तियों को बेचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘BJP देश की संपत्तियां बेचने में लगी हुई है, चाहे रेलवे हो, बीमा हो… सब कुछ बेचा जा रहा है। इस तरह से वे अर्थव्यवस्था चला रहे हैं। यह देश की अभी तक की सबसे अक्षम पार्टी है। अगर अगले लोकसभा चुनाव में उनकी हार होती है, तो यह देश के लिए बेहतर होगा।’’
CM ममता बनर्जी की ”गिद्धों” से तुलना वाली टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए BJP प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि ये बयान तृणमूल कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ”हम सभी तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली से भली-भांति परिचित हैं।”