यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) के मथुरा दौरे के समय एक बहुत ही चौंकाने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक हाथ में पिस्तौल लिए उन्हें गोली मारने की धमकी देता दिखा। युवक ने खुद की कनपटी पर पिस्टल लगाकर कहा- मैं सीएम को 25 सितंबर से पहले मार दूंगा। खुद भी मर जाऊंगा। मेरी कोई मदद नहीं कर रहा।
https://x.com/NewsfullI/status/1969047841319371059
वायरल वीडियो में युवक नंगे बदन है। उसने केवल पैंट पहनी है। गले में एक चेन लटकाए नजर आ रहा है। हाथ में पिस्टल लहराते हुए कह रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ जी, अगर आपकी सरकार में मुझे मदद नहीं मिली तो मैं आपको गोली मार दूंगा। ये बात ससमझ लीजिए। वो दावा करता है कि उसने सीएम के कार्यालय में शिकायत दर्ज की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। हाथ में रसीद लहराते हुए वो कहता है, मेरे पास सबूत हैं, फिर भी मेरी फरियाद अनसुनी कर दी गई।
https://x.com/i/status/1969059823808324074
गुस्से में आकर युवक पिस्टल को अपनी कनपटी पर रख लेता है और कहता है, मेरी जिंदगी तो पहले से ही खराब है, अगर मूड खराब हुआ तो मैं आपको और खुद को भी खत्म कर दूंगा। युवक आगे धमकी देता है। कहता है कि मरने से अच्छा है कि 25 सितंबर से पहले योगी आदित्यनाथ को मार दूं। पिस्टल से मैगजीन निकालकर दिखाते हुए वो दावा करता है, कि ये ऑरिजनल पिस्टल है, इसमें नौ गोलियां हैं। नौ की नौ सीधे उतार दूंगा, भले ही नौ बॉडीगार्ड हों, उनमें भी। उसकी आवाज में गहरा गुस्सा और हताशा साफ झलक रही है, जो वीडियो को और डरावना बना रहा है। बार-बार अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए वो कह रहा है कि तमाम शिकायतें करने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिससे वो मानसिक रूप से टूट चुका है।
https://x.com/i/status/1969048547975675958
सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाला वीडियो वायरल होते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हरकत में आ गई। युवक की लोकेशन और पहचान मथुरा के मांट क्षेत्र के नगला हरदयाल गांव के निवासी सुनील के रूप में हुई। पुलिस जैसे ही युवक के घर पहुंची वो पिस्टल लेकर छत पर भागा। पुलिसकर्मी उसे नीचे उतारने और समझाने की कोशिश में जुट गए।
छत पर भागने के बाद युवक ने वहीं से पुलिस को भी धमकी देनी शुरु कर दी। पुलिस ने उसके घर को घेर लिया और उसे सुरक्षित ही पकड़ने की कोशिश में जुटी गई। इस दौरान उसने 6 हवाई फायर भी किए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद युवक को पिस्टल और कारतूस के साथ पकड़ लिया गया।
सीओ मांट आशीष शर्मा ने बताया ने बताया- सुनील उर्फ गटुआ ने सोशल मीडिया पर होने पर सीएम योगी को गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी कर ली गई हैं। अवैध पिस्टल भी बरामद कर लिया गया हैl उसकी मांगों और स्थिति की जांच की जा रही है। अगर जरूरत पड़ी तो काउंसलिंग और विशेष टीम की मदद ली जाएगी।






